कथाकार शेखर जोशी हमारे बीच नहीं रहे। गत 4 अक्टूबर को 90 वर्ष की आयु में उनका देहांत हो गया। शेखर जोशी हिन्दी कथा साहित्य के ऐसे अप्रतिम हस्ताक्षर रहे जिन्होने कोई उपन्यास तो नहीं लिखा मगर केवल 60-65 कहानियां लिखकर हिन्दी कथा साहित्य में अपना एक विशेष स्थान सुनिश्चित कर लिया। प्रस्तुत है शेखर जोशी की कुछ प्रमुख कहानियों पर मेरी बात-
कोसी का घटवार- ' कोसी का घटवार ' शेखर जोशी की अत्यंत चर्चित कहानियों में है। यह सर्वप्रथम ' कल्पना ' पत्रिका के प्रकाशित हुई। यह पर्वतीय क्षेत्र कुमाऊं की प्रेम कथा है जिसे अदभुत सादगी से दर्शाया गया है। कथाकार सूरज प्रकाश अपने आलेख ' प्रेम न बाड़ी ऊपजे' में इस कहानी पर प्रकाश डालते हुए लिखते हैं-
" ......शेखर जोशी ने बिन कुछ कहे, बिना किसी संवाद के दोनों पात्रों के बीच में प्रेम के जिस उच्च शिखर को छुआ है, हमारी आंखें नम हो जाती हैं।हम कहानी के नायक गुसाईं सिंह के साथ हो जाते हैं।हम सोचने लगते हैं कि अगर हम उसकी जगह होते तो हम भी यही करते,जो उसने किया है।"
वे आगे लिखते हैं-
" शेखर जोशी की इस दुर्लभ कहानी में कहीं पर भी प्रेम शब्द नहीं आया है।कहीं पर भी दोनों पात्रों ने आंखें नहीं मिलाई हैं। दोनों ने एक दूसरे को छुआ भी नहीं है।न ही कोई वादा किया है और ना किसी किस्म की कसमें खाई हैं। उसके बावजूद यह प्रेम की दुर्लभ कहानी लगती है।"
गुसाईं सिंह फौज से रिटायर होकर किसी नदी के घट पर अनाज पीसने का कार्य करता है। उसे महसूस होता है अकेलापन उसके जीवन में स्थाई हो चुका है। फ़ोंज की पेंट को देखकर उसे ध्यान आता है जिस पैंट की शान देखकर वो फोंज में भर्ती हुए था उसी ने बदले में स्थाई अकेलापन उसके जीवन में लिख दिया। फौज की नौकरी के कारण ही उसकी प्रेमिका लछमा से उसका ब्याह नहीं हो पाया था। उसके बाद गुसाईं सिंह ने आजीवन अविवाहित रहने का फैसला कर लिया और नौकरी में रहते15 वर्षों तक गाव की तरफ मुड़ कर नहीं देखा। अतीत से गुसाईं सिंह वर्तमान में पहुंचता है। घट पर पानी का बहाव काम है। घट में बहुत धीरे धीरे पिसाई हो रही है।काफी पिसान एकत्र हो गया है। उसी दौरान एक युवती सर पर पीसान का थैला लिए घट पर आती है। गुसाईं सिंह देखता है कि वो लछमा ही है।उसे पता चलता है कि लछमा विधवा होकर मायके आ गई है । दोनों के बीच कुछ ओपचारिक बातें होती हैं और गुसाईं बारी में लगे पिसान में से उसका पिसान घट में पहले लगा देता है । पुरानी सारी बातें भूल वह अपनी पूर्व प्रेमिका व उसके भूख से मचलते पुत्र के लिए गुसाईं सिंह ना केवल चाय व रोटियां बनाता है बल्कि उनकी परेशानी देख कुछ पैसे भी उसकी तरफ बढ़ाता है। गुसाईं के प्रेम की ये सादगी और ईमानदारी पाठक को मोह लेती है।उसे लगता है उस स्थिति में होता तो वह भी यही करता। पहाड़ी पृष्ठभूमि में वहां के जीवन व संघर्ष के मध्य निस्वार्थ प्रेम की ये उत्कृष्ट कथा एक मीठी टीस भीतर छोड़ जाती है।
यहां एक कहानी के दो अंत एक साथ चलते हैं।एक कहानी के भीतर और एक पाठक के भीतर।पाठक चाहता है दोनों परम्पराओं, रूढ़ियों से होड़ ले। और ये भी कि गुसाईं सिंह जाती हुई लछमा को आवाज देकर रोक ले।
'कोसी का घटवार ' कहानी की कथावस्तु पर बालकृष्ण पांडेय लिखते हैं -
"कुछ शाश्वत समस्याओं को उठाते हुए आंचलिक मूल्य मान्यताओं की सीमा का भी ध्यान रखा गया है, अन्यथा कोसी का घटवर में गहरे रोमानी स्पर्श के स्तर पर लछमा और गुसाईं घटवार का पुनर्मिलन इतना नीरस और उद्देश्हीन न होता।"
शेखर जोशी उस सिरे पर कहानी को छोड़ देते हैं जहां पर पाठक का कहानी से उबारना सहज नहीं होता। यही एक बड़े कहानीकार की विशेषता भी है जो कहानी में पाठक के लिए भी स्पेस छोड़ता है। और यही विशेषता कोसी का घटवार को एक बड़ी कहानी बनाती है। सीमा मोर्य का कथन इस ओर समीचीन है-
' यह कहानी विषय वस्तु से,अपने व्यवहार से पाठकों में परंपरा और रूढ़ियों के प्रति द्वंद जगाती हुई नवीनता के स्वीकार का आग्रह प्रस्तुत करती है।द्वंद कहानी में नहीं पाठक के मन में चलता है - परंपरा से विद्रोह भी कहानी में नहीं, पाठकों के मन में घटता है।कहानी में वर्णित प्रेम की असफलता, द्वंद की विशिष्टता के स्तर पर कहानी की सफलता में बदल जाती है।'
हलवाहा- हलवाहा शेखर जोशी की उन कहानियों में है, जो की किसान जीवन पर आधारित है। कहानी की पृष्ठभूमी चूंकि कुमाऊं क्षेत्र की है अतः वहां के जातिगत समीकरण विशेषकर गल चलाने के सवाल पर उभर कर आए हैं। कुमाऊं क्षेत्र में यह मान्यता है कि उच्च जातीय ब्राह्मण हल नहीं चलाते। कहानी का नायक जीवानंद है जो की जाति से ब्राह्मण है। हलवाहा कहानी पर्वतीय क्षेत्रों के गांव का बदलता हुए यथार्थ दर्शाने का प्रयत्न करती है। जीवानंद की परिस्थितियां उसे परंपरा से होड़ लेने के लिए प्रेरित करती हैं। जीवानंद का किसान बनना पुरातन मूल्यों व धारणाओं के विरूद्ध एक नया कदम है।इस तरह शेखर जोशी समाज के शिथिल पड़ गए ढर्रों पर प्रहार तो करते हैं मगर उनका पथ राजनीतिक ना होकर सांस्कृतिक अधिक है। भाषा व शैली के स्तर पर कहानी सहज व सरल है।कहानी के माध्यम से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के जीवन व मान्यताओं के विषय में जानकारी मिलती है।
दाज्यू- वर्ग भेद व स्वार्थ आधारित रिश्तों की पृष्ठभूमि पर लिखी गई शेखर जोशी की कहानी दाज्यू एक उत्कृष्ट कहानी है। पहाड़ों के संघर्षमय जीवन व बेरोजगारी के चलते नौजवान रोजगार की तलाश में शहरों की तरफ आ जाते हैं।मगर अपने गांव,घर की याद सदैव उन्हें व्यथित करती है। ऐसे में अपने क्षेत्र से संबंधित व्यक्ति से परदेश में मिलना उसे आत्मीयता से भर देता है। दाज्यु कहानी में भी मदन, जगदीश बाबू के प्रति वही आत्मीयता महसूस करता है। उन्हें बड़े भाई के समान मानते हुए दाज्यू संबोधन का प्रयोग उनके लिए करता है। शहर में नए होने के कारण पहले पहल तो मदन की आत्मीयता व दा संबोधन उन्हें नहीं अखरता मगर बाद में जब शहर में उनका परिचय प्रगाढ़ हो जाता है उन्हें एक रेएसटोरेंट के बेरे का आत्मीय दाज्यू संबोधन अखरने लगता है।मदन की भावनाओं को नज़रंदाज़ कर जगदीश बाबू उसे जोर से डांट देते हैं।
दाज्यू कहानी हमारे समाज में फैले वर्ग भेद का कटु यथार्थ है।कहानी में आज के समाज में सम्बन्धों के खोखलेपन व स्वार्थ आधारित रिश्तों को दर्शाया गया है। कहानी में कहानीकार का भोगा हुआ यथार्थ परिलक्षित होता है जो नई कहानी की एक मुख्य प्रवृति रही है। शेखर जोशी स्वयं पहाड़ से संबंध रखते हैं और वहां के संघर्ष व समस्याओं से भलीभांति परिचित भी हैं। पहाड़ों से महानगरों की तरफ आए नौजवानों की मनोवृत्ति के वे भुक्तभोगी हैं।मदन पहाड़ और अपने परिवेश के प्रति नराई का प्रतीक है।दूसरी तरफ वर्गीय संस्कारों के जगदीश बाबू अपने मान अपमान के प्रति चौकन्ना रहने वाले उन चेहरों में शुमार हैं जो सुविधा व हैसियत के अनुसार संबंधों का निर्वाह करते हैं।वर्ग भेद की गहरी जड़ें अपने क्षेत्र, परिवार के व्यक्ति को भी अपना नहीं रहने देती।
गलता लोहा- गलता लोहा कहानी भारतीय समाज में गहरे तक धसी जाति व वर्ण व्यवस्था पर करारा प्रहार है।बिना किसी अनावश्यक आख्यान के लेखक सांकेतिक रूप से जाति व्यवस्था की जड़ों पर पात्रों द्वारा घन की लगातार चोट लगवाता है।रोचक बात यह है कि कहानी के भीतर जाति व्यवस्था पर ओपचारिक रूप से कोई टिपण्णी लेखक द्वारा नहीं की गई है। संकेतों के आधार पर शेखर जोशी बड़ी मजबूती से अपनी बात पाठक के सम्मुख रखते हैं।यह एक कुशल कहानीकार की पहचान है।इस ओर कहानी का शीर्षक गलता लोहा भी सांकेतिक रूप से उत्कृष्ट है।
उस्ताद- उस्ताद एक ऐसे कारखाना मजदूर की कहानी है जो जीवन का एक बड़ा हिस्सा कारखाने की मशीनों के साथ दो-दो हाथ करते बीता है। इन वर्षों जो थोडा बहुत सहेजने लायक उसने कमाया उसमें सबसे महत्वपूर्ण है उसकी उस्तादी जो नए कर्मचारियों को काम सीखा उसने प्राप्त की है। भाषा के स्तर पर कहानी जितनी सादगी लिए हुए है विचार के स्तर पर कारखाना मजदूरों की छोटी- छोटी आशा निराशाओं, सुख दुख व उनके कार्य क्षेत्र में प्रचलित युक्तियों पर गहरी सेंध लगाती है। कहानीकार बड़ी सादगी से
अपने कहन कोशल से कारखाना मजदूरों के मध्य उस्ताद नाम से प्रचलित पात्र के व्यक्तित्व के बेहद सूक्ष्म पक्ष उद्घाटित करता है।उस्ताद एक तरफ उस्ताद होने की प्रस्थिति के प्रति सजग दिखाई देते हैं दूसरी तरफ उस भूमिका के प्रति असुरक्षा का भाव कहानी का मूल है। उस्ताद मजदूरों को काम सिखाते हुए भी तुरुप का इक्का अपने पास संभाले रखना चाहता है ताकि उसकी उस्तादी पर खतरा ना मडराए।उस्ताद द्वारा वल्टेमिंग बांधने की कारीगरी लेखक से छिपा जाना तथा कहानी के अंत में अपनी आदत के विपरीत उस्ताद का लेखक से न केवल मिलने आना बल्कि एक सांस में वॉल्टमिंग बांधने की कारीगरी भी समझ जाना कहानी के सबसे रोचक बिंदु हैं। कारखाने के रोजमर्रा के साधारण वाकये को बड़ी ही कुशलता से कहानीकार कहानी का रूप दे देता है तथा आत्मीयता के उस बिंदु से परिचित कराता है जो दिन प्रतिदिन के निजी सरोकारों से पृथक संबंधों की सबसे बड़ी पूंजी है।
डांगरी वाले -
विडुवा - विडुवा कहानी में दो पीढ़ियों के मध्य का द्वंद कहानी के मूल में है।युवा पीढ़ी आधुनिक तौर तरीकों के साथ जीना चाहती है तथा पुरानी पीढ़ी के लिए अपनी परम्पराओं के विपरीत इं तौर तरीकों को अपनाना सहज नहीं होता। बड़े ठाकुर के पुत्र का ब्याह है। वे अपनी परम्पराओं के अनुसार विवाह के रीति रिवाज सम्पन्न करवाना चाहते हैं।मगर उनका छोटा भाई दिग्विजय व बहन ननकी विवाह में वीडियोग्राफी के लिए वीडियो के जाने की बात कहते हैं।रीति रिवाजों व परंपरा की उपेक्षा व आधुनिक तरीकों का बोलबाला बड़े ठाकुर की चिंता की वजह बनता है। लेखक आधुनिक समाज में परंपरा व आधुनिकता के बीच के द्वंद को बड़ी ही खूबसूरती से कहानी में उठाते हैं।
डरे हुए लोग - डरे हुए लोग कहानी मध्यवर्गीय परिवार की कथा है जहां अपनी छोटी- छोटी जरूरतों के लिए भी परिवार को महीना भर संघर्ष करना पड़ता है। एक आम मध्यवर्गीय परिवार जिन समस्याओं से दो चार होता है वही व्यथा कमला तथा उसके पति की भी है।दोनों पति पत्नी बेटे की जरूरत पूरी ना कर पाने के कारण चिंतित हैं तथा बेटे को आश्वासन देते हैं के माह के अंत में वेतन आते आते उसकी जरूरत पूरी हो जायगी।मगर दोनों को ही पता है कि यह आसन नहीं है। शेखर जोशी मध्यवर्गीय समाज के छोटे छोटे सुख दुख, संघर्ष इत्यादि को ना केवल अपनी अधिकांश कहानियों का विषय बनाते हैं बल्कि उस जिजीविषा को भी सामने रखते हैं जो इं संघर्षों से होड़ लेती है,उनके सामने घुटने नहीं टेकती।
बदबू - बदबू कहानी उस समाजिक विडंबना को भी परिलक्षित करती है जहां जूझते हुए अंततः हम उस व्यवस्था का हिस्सा हो जाते हैं। इस ओर कहानी का अंत दृष्तव्य है जहां नायक हाथों से केरोसीन की बदबू पुनः महसूस होने से संतुष्ट होता है-
" दूसरी मिट्टी लगाने से पहले उसने हाथों को सूंघा और अनुभव किया कि हाथों की गंध मिट चुकी है।सहसा एक विचित्र आतंक से उसका समूचा शरीर सिहर उठा।उसे लगा आज वह घासी की तरह बदबू का आदि हो गया है। उसने चाहा कि एक बार फिर हाथों को सूंघ के लेकिन उसका साहस नहीं हुआ। परन्तु फिर बड़ी मुश्किल से वह दोनों हाथों को नाक तक ले गया और इस बार उसके हर्ष की सीमा ना रही।पहली बार उसे भ्रम हुआ था हाथों में केरोसीन तेल की बदबू अब भी आ रही है।"
बदबू कहानी का नायक ओद्यौगिक व्यवस्था की विसंगतियों के प्रति जागरूक है।वो उस व्यवस्था के खिलाफ अन्य मजदूरों को भी संगठित करना चाहता है।मगर इसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ता है और उसे मुश्किल जगह काम के लिए भेज दिए जाने के रूप में।बदबू कहानी का अंत यथार्थ में बदलाव की उद्घोषणा के रूप में महत्वपूर्ण है।जहां पर कई मजदूर उस वातावरण व्यवस्था को चुपचाप ज्यों का त्यों स्वीकार कर लेते हैं वहीं कहानी का नायक नए बदलाव के प्रति आशावान है।
आशीर्वचन - आशीर्वचन कहानी का नायक रिटायरमेंट के लिए जाने वाला है। उसके आखिरी दिन काम पर आने से कहानी शुरू होती है।कहानीकार बताता है कि उस कारखाने में कुछ वर्षों से अच्छी परंपरा शुरू हुई है कि वेलफेयर एसोसिएशन के द्वारा रिटायरमेंट में जाने वाले कर्मचारी को एक जोड़ी नए कपड़े और जूते दिए जाते हैं। काम के आखिरी दिन श्यामलाल कारखाने में घूम घूमकर पुरानी स्मृतियां ताजा करता है।उसे वो दिन याद आते हैं जब वह युवक था और काम में तेज भी।जहां से भी श्यामलाल कारखाने में गुजरता है सभी सहकर्मी उसका अभिवादन करते हैं।साहब द्वारा भी उसे ओपचारिक मुलाकात के लिए बुलाया जाता है।शाम को जब हॉल में श्यामलाल का विदाई समारोह आयोजित होता है तब श्यामलाल की इच्छा होती है कि वह भी अपने अनुभव व शुरुवाती मुश्किल दिनों की यादें युवा पीढ़ी के साथ बांटे तथा उन्हें ईमानदारी व लगन से काम करने की प्रेरणा दे। यथा-
"उसने सोचा अगर अलख नारायण ने उससे भी बोलने का अनुरोध किया तो वह बताएगा उन्हें उस कारखाने के बारे में, कारखाने के पुरखों के बारे में जिन्होनें इसकी एक एक ईंट रखी है,उस जमाने के बारे में जब सिर उठाने का मतलब सिर काटना होता था, उन जीतों के बारे में जिन्हें जितना आसान नहीं था, उन हारों के बारे में जिन्हें भूलना आसान नहीं है।वह उन्हें हुनर की इज्जत करने के लिए कहेगा। ठेले पर चैनल फेंकता मुल्लू, कैंची मशीन का ऑपरेटर,पटरी केन वाला लड़का,ग्राइंडर पर खड़ा रामलखन उसकी आंखों के आगे घूम गया।उसने सोचा, वह उन्हें हमेशा न्याय का साथ देने। अन्याय से लडने के लिए कहेगा। भाषणों का दौर चालू था।भाषण से ही नेता की पहचान होती है,कोन उन्नीस पड़ता।अलख नारायण ने साहब से दो शब्द ' कहने की प्रार्थना की।लोग चोरी छिपे अपनी घड़ियों की ओर देखने लगे थे।"
इस प्रकार कहानीकार ओद्योगिक कामगार जीवन की छोटी छोटी विसंगतियों को उसकी समग्रता के साथ प्रस्तुत करते हैं।एक पूरा जीवन कारखाने की देने के बाद सेवानिवृति की कगार में खड़ा कारीगर किस तरह उस बिताए एक एक लम्हें को पुनः जीता है। सभी सहकर्मी अपने बुजुर्ग साथी को स्नेह सम्मान देना चाहते हैं मगर दिनभर की जी तोड़ मेहनत व अपने व्यक्तिगत संघर्ष उन्हें अधिक देर तक श्यामलाल को सुनने की इजाजत नहीं देते।ओर जल्दी में श्यामलाल को अभिवादन देते हुए वे लोग घर की तरफ तेजी से निकलने लगते हैं।कहानी से गुजरते कारखाने जी दिनचर्या का हिस्सा होते हुए पाठक श्यामलाल की जगह स्वयं को महसूस करने लगता है।बेहद सहज व सादी भाषा में लेखक कहानी के मर्म के साथ पाठक को जोड़ने में कामयाब होता है।
.मीना पाण्डेय
Copyright ©-मीना पाण्डेय